बुंदेलखंड को रफ्तार देगा नया लिंक एक्सप्रेसवे : जालौन के 9 गांवों की किस्मत बदलने की तैयारी
Uttar Pradesh samachar
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
22 Jul 2025 04:41 PM
Uttar Pradesh samachar : उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र की तस्वीर अब बदलने वाली है। झांसी को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला 115 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे न सिर्फ क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, बल्कि जालौन जिले के 9 गांवों के किसानों के लिए आर्थिक क्रांति का द्वार भी खोलेगा।
लिंक एक्सप्रेसवे उरई तहसील के जिन गांवों से होकर गुजरेगा, उनमें फूलपुरा, टिगरी, गोरन, जैसारी कला, किशोरा, कोटरा, हिलगना, नंधा और अन्य शामिल हैं। इन गांवों में करीब 50 हजार की आबादी इस परियोजना से सीधे लाभान्वित होगी। प्रस्तावित एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यहां का सर्किल रेट 2,400 रुपये प्रति वर्ग मीटर है, और किसानों को इसका चार गुना मुआवजा मिलने की उम्मीद है। यानी जिन जमीनों की वर्षों से कोई बड़ी कीमत नहीं थी, अब वहीं खेत सोना उगलने को तैयार हैं।
औद्योगिक विकास और रोजगार का अवसर
यह लिंक एक्सप्रेसवे न केवल झांसी और लखनऊ के बीच का सफर आसान करेगा, बल्कि यह इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से भी जुड़ जाएगा। ऐसे में क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) इस परियोजना को करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कर रहा है।
भविष्य की तैयारी : 6 लेन का विकल्प भी
शुरुआत में यह एक्सप्रेसवे चार लेन का होगा, लेकिन भविष्य में इसे छह लेन तक विस्तारित किया जा सकता है, ताकि बढ़ते ट्रैफिक और औद्योगिक गतिविधियों की जरूरतों को पूरा किया जा सके। इस परियोजना से न केवल बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को नई गति मिलेगी, बल्कि लखनऊ, कानपुर, आगरा जैसी प्रमुख शहरी इकाइयों से बुंदेलखंड का सीधा संपर्क स्थापित होगा। लोगों को जाम से राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी काफी घटेगा।