प्रिया सरोज की सादगी का खूबसूरत वीडियो वायरल, अब तक देख चुके सैकड़ों
Uttar Pradesh Samachar
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
21 Jul 2025 11:35 AM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, जिसमें वे अपने गांव में पानी से भरे खेत में उतरकर धान की रोपाई करती नजर आ रही हैं। यह वीडियो खुद प्रिया सरोज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "हमारा गांव..." इस सादगी भरे दृश्य को देखकर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं "ऐसी नेता होनी चाहिए जो जमीन से जुड़ी हो।"
महिलाओं के साथ मिलकर की धान की रोपाई
रविवार को सांसद प्रिया सरोज अपने पैतृक गांव करखियांव (पिंडरा तहसील, वाराणसी) पहुंचीं थीं। यहां उन्होंने अपनी सहेलियों और गांव की अन्य महिलाओं के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की। खेत की कीचड़ में पैर डाले, गांव की बेटियों के साथ घुल-मिलकर लगभग आधे घंटे तक मेहनत करती रहीं। इस दौरान उन्होंने सपा की नीतियों, पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) मॉडल और किसानों के लिए समाजवादी सरकार की योजनाओं को भी साझा किया। यहां देखें वीडियो...
[video width="320" height="568" mp4="https://chetnamanch.com/wp-content/uploads/2025/07/E9-LrO7e9IgTsIsi.mp4"][/video]
लोकसभा की सबसे युवा सांसदों में से एक
बता दें कि प्रिया सरोज लोकसभा की सबसे युवा सांसदों में से एक हैं। वे सपा के वरिष्ठ नेता और विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं। हाल ही में उनकी सगाई भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह से हुई थी, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव सहित कई बड़े नेता शामिल हुए थे। बता दें कि, कुछ दिन पहले प्रिया सरोज ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पर भी तीखा हमला किया था। अनिरुद्धाचार्य द्वारा अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लिखा था, “जब एक बाबा कृष्ण जी का नाम बताने में असफल हो जाता है, तो अपनी छवि सुधारने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का नाम हिंदू-मुस्लिम जोड़कर देश-प्रदेश का माहौल खराब कर देता है। क्या यही सिखाते हैं अपने प्रवचनों में?”
सोशल मीडिया पर कमेंट की बाढ़
प्रिया का खेतों में काम करने वाला वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने उनके देसी अंदाज और ज़मीनी जुड़ाव की जमकर तारीफ की है। कोई उन्हें "जमीन से जुड़ी जननेत्री" बता रहा है, तो कोई लिख रहा है "युवाओं की असली रोल मॉडल।"