यूपी के इस शहर का हवा में लटका पुल बना मजाक, 7 पिलरों पर थमी निर्माण की रफ्तार
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:25 PM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर सरकारी लापरवाही की तस्वीरें चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राजाजीपुरम और पारा को जोड़ने वाला 857 मीटर लंबा ओवरब्रिज महज 7 पिलरों पर हवा में अटका हुआ है। 153 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का उद्घाटन रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने किया था, लेकिन मार्च से निर्माण पूरी तरह ठप है।
रेलवे लाइन के ऊपर रुका काम
यह पुल जलालपुर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से गुजरना था, जिससे फाटक बंद होने पर लगने वाले लंबे जाम से निजात मिल सके। लेकिन रेलवे लाइन पार करते ही पारा क्षेत्र में लगभग 85 मकान इसके दायरे में आ रहे हैं, जहां 300 से ज्यादा लोग रहते हैं। आश्चर्यजनक रूप से न तो भूमि अधिग्रहण हुआ, न ही प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जनता परेशान, अधिकारी मौन
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल अधूरा रहने से करीब 5 लाख की आबादी प्रभावित हो रही है। फाटक बंद होते ही घंटों जाम लगता है और यातायात ठप हो जाता है। लोगों का आरोप है कि सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बजट मिलने के बाद जल्दबाजी में काम शुरू कराया, लेकिन मूलभूत प्रक्रियाओं जैसे भूमि अधिग्रहण और मुआवजा को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।
कागजी मंजूरी से हकीकत तक का सफर अधूरा
इस परियोजना को नवंबर 2023 में मंजूरी मिली थी और अक्टूबर 2024 में निर्माण शुरू हुआ। लेकिन आधे रास्ते में ही प्रशासनिक उदासीनता और प्लानिंग की कमी ने इसे हवा में लटका दिया। नतीजा टैक्सदाताओं के पैसे पर बना यह अधूरा पुल अब लखनऊ में अधिकारियों की कार्यशैली का प्रतीक बन गया है। Uttar Pradesh Samachar