उत्तर प्रदेश में सबसे लंबा एक्सप्रेसवे बनेगा : 22 जिलों से गुजरेगा, पूरब से पश्चिम होगा एक
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:34 PM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश सरकार एक और मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की शुरुआत करने जा रही है, जो राज्य के विकास का नक्शा बदल सकता है। गोरखपुर से लेकर शामली तक लगभग 700 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। यह अब तक का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा, जिसकी लागत करीब 35,000 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूर्वांचल से पश्चिम तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी
यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी के बीच सीधा और तेज संपर्क स्थापित करेगा। अभी गोरखपुर से शामली का सफर 12 घंटे से ज्यादा का है, लेकिन एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी केवल 6 घंटे में पूरी हो जाएगी। इतना ही नहीं, कुल यात्रा दूरी भी करीब 200 किलोमीटर घट जाएगी।
22 जिलों और 37 तहसीलों से गुजरेगा
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे यूपी के 22 जिलों और 37 तहसीलों से होकर गुजरेगा। इनमें अयोध्या, संतकबीरनगर, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, बहराइच, लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, बरेली, अमरोहा, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं।
पंजाब-नॉर्थ ईस्ट कॉरिडोर से जुड़ेगा
यह प्रोजेक्ट केवल यूपी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पंजाब-नॉर्थ ईस्ट इकोनॉमिक कॉरिडोर का भी हिस्सा होगा। यानी इसका फायदा राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इस समय विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है। योजना के अनुसार, इसे चरणबद्ध तरीके से बनाया जाएगा। यह एक्सप्रेसवे राज्य की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ रोजगार और व्यापारिक अवसरों को भी बढ़ावा देगा।
बड़े फायदे
पूर्वी और पश्चिमी यूपी के बीच यात्रा का समय आधा हो जाएगा। रोड कनेक्टिविटी बढ़ने से व्यापार, उद्योग और पर्यटन को गति मिलेगी।
निर्माण और उससे जुड़ी गतिविधियों से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। पूर्वांचल से लेकर पश्चिम तक विकास की रफ्तार तेज होगी।
यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद न केवल यात्रा आसान होगी बल्कि यूपी की अर्थव्यवस्था में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। Uttar Pradesh Samachar