कांवड़ यात्रा में शिवभक्त कम, गुंडे ज्यादा! संभल के सपा विधायक के बयान से मचा सियासी बवाल
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 05:20 PM
Uttar Pradesh Samachar : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और संभल से विधायक इकबाल महमूद ने कांवड़ यात्रा को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया है, जिससे सियासत गरमा गई है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में अब "सच्चे शिवभक्त कम और गुंडे-मवाली ज्यादा" नजर आ रहे हैं, जो जगह-जगह तोड़फोड़ और उत्पात मचा रहे हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में घमासान मचना तय है।
"गुंडई इनकी शक्ल पर दिख रही है", विधायक का तीखा हमला
रविवार को मीडिया से बात करते हुए संभल के विधायक इकबाल महमूद ने कहा कि कांवड़ यात्रा में अब भक्ति कम और हंगामा ज्यादा नजर आ रहा है। जिन चेहरों को देखिए, उनमें श्रद्धा नहीं, गुंडई झलक रही है। ये लोग जगह-जगह उपद्रव कर रहे हैं, तोड़फोड़ कर रहे हैं। इनकी जगह जेल में है। महमूद ने अपने बयान में हाल ही में मुजफ्फरनगर की उस घटना का हवाला भी दिया, जिसमें कुछ कांवड़ियों द्वारा कथित तौर पर एक स्कूल वैन पर हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य धार्मिक यात्रा की पवित्रता को कलंकित करते हैं और सरकार को चाहिए कि इन पर कड़ी कार्रवाई करे।
पुण्य नहीं, पाप कर रहे हैं ये लोग
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग धर्म के नाम पर दूसरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वे पुण्य नहीं कमा रहे, बल्कि पाप के भागी बन रहे हैं। इनका कर्म इन्हें परलोक में भुगतना पड़ेगा। सपा विधायक के इस बयान से भाजपा और हिंदू संगठनों में नाराजगी की लहर दौड़ सकती है। कांवड़ यात्रा को लेकर ऐसी टिप्पणी को कई लोग आस्था पर हमला मान सकते हैं। आने वाले दिनों में इस पर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक प्रतिक्रिया की संभावना प्रबल है।