यूपी के इस शहर को मिलेगा जाम से छुटकारा : बनेंगे दो फ्लाईओवर, लाखों लोगों को राहत
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:42 AM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और शहर को महाजाम से निजात दिलाने की तैयारी कर ली है। बार-बार की ट्रैफिक समस्या से जूझ रहे इस शहर को अब जल्द ही दो नए फ्लाईओवर का तोहफा मिलने जा रहा है। करीब 113 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ये पुल शहरवासियों के लिए राहत की सांस लेकर आएंगे। इस शहर के लोग पिछले काफी समय से जाम से जुझते रहे हैं। अब जाकर योगी सरकार ने उन्हें इससे निजात दिलाने के लिए कमर कर ली है।
बुढ़ाना रोड और धीमानपुरा बनेंगे बिना रुकावट के रास्ते
उत्तर प्रदेश के शामली जिला में मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित बुढ़ाना रोड और धीमानपुरा रेलवे फाटक जाम की मुख्य वजह हैं। रोजाना हजारों वाहन सुबह-शाम फाटक बंद होने के कारण घंटों फंसे रहते हैं। यही वजह है कि यहां पुल की मांग लंबे समय से उठती रही है।
अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया है। विभाग ने दोनों स्थानों पर अंडरपास युक्त उपरिगामी पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
कितनी होगी लागत, क्या है योजना?
बुढ़ाना रोड फ्लाईओवर की अनुमानित लागत 77.12 करोड़ है। धीमानपुरा पुल की लागत 52 करोड़ है। इस तरह इसकी कुल अनुमानित लागत 130.11 करोड़ रुपये है। इन दोनों पुलों की लंबाई होगी 700 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। इसकी निर्माण अवधि लगभग दो वर्ष रखी गई है।
2025-26 की कार्ययोजना में शामिल
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों परियोजनाएं 2025-26 की कार्य योजना में शामिल कर शासन को भेजी जा चुकी हैं। अब बस सरकार की स्वीकृति और बजट आवंटन का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इन पुलों के बन जाने से न केवल ट्रैफिक समस्या खत्म होगी, बल्कि शामली के हजारों लोगों को समय की बचत, निर्बाध आवाजाही और बेहतर जीवन गुणवत्ता का लाभ मिलेगा। यह कदम न सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी को भी आसान बनाएगा। Uttar Pradesh Samachar