गाजीपुर-चंदौली के 20 गांवों की किस्मत बदलेगा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे!
Uttar Pradesh Samachar
भारत
चेतना मंच
27 Jul 2025 10:53 PM
Uttar Pradesh Samachar : पूर्वांचल की सड़क संरचना में एक बड़ा बदलाव आने जा रहा है। चंदौली से महराजगंज के बीच प्रस्तावित 45 किमी लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के काम में तेजी आ गई है। इसके बनते ही गाजीपुर से चंदौली का 90 किलोमीटर लंबा सफर अब आधे समय में तय किया जा सकेगा। लेकिन यह सिर्फ एक एक्सप्रेसवे नहीं है, यह गाजीपुर, चंदौली और मऊ के गांवों के लिए नई समृद्धि की सड़क साबित होने जा रही है।
किसानों को मिलेगा सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा
इस परियोजना से प्रभावित 20 से ज्यादा गांवों के किसानों को सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा मिलेगा। यही नहीं, गांवों के पास से गुजरने वाले इस एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के लिए सर्विस रोड भी तैयार किए जाएंगे। परियोजना अधिकारी ने बताया कि परियोजना से जुड़ी डिजाइनिंग और गजट नोटिफिकेशन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भूमि अधिग्रहण जल्द शुरू होगा।
किन गांवों से गुजरेगा यह एक्सप्रेसवे?
यह एक्सप्रेसवे शेखनपुर, जमालपुर, लालनपुर, अमादपुर, परमेठ, मैनपुर, लखचंदपुर कला, रामनाथपुर, गोशंदेपुर, बिरासो, सकरा, कपूरपट्टी, दीनापुर समेत अन्य गांवों से होकर गुजरेगा। इससे गोरखपुर, अलीनगर, सैदपुर और बिहार बॉर्डर तक की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। 4 गुना मुआवजा से जमीन की कीमतों में बूम आएगा। रोजगार, निर्माण और ढांचागत विकास के अवसर बनेंगे और स्थानीय बाजारों को बड़े शहरों से सीधा जुड़ाव हो सकेगा। कृषि उत्पादों की तेज ढुलाई और लागत में कमी आएगी जिससे स्थानीय लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा।
अब नहीं लगेगा लंबा चक्कर या जाम
अभी तक गाजीपुर से चंदौली जाने वालों को जमानिया, सैय्यदराजा या सैदपुर जैसे रूट पकड़ने पड़ते थे। न केवल सफर लंबा होता था, बल्कि जाम से जूझना आम बात थी। लेकिन नए रूट से सीधे महराजगंज से एनएच-29 फोरलेन पर चढ़ना संभव होगा। यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट पूर्वांचल के कृषि, व्यापार और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में नई जान फूंकेगा। स्थानीय किसानों का कहना है कि हमारे गांव से हाईवे जाएगा, इससे हमको मुआवजा भी मिलेगा और व्यापार भी बढ़ेगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र के लिए अर्थव्यवस्था की नई धुरी बन सकती है। 2030 तक इस रूट से हजारों लोग रोज सफर कर सकते हैं, और इससे क्षेत्रीय जीडीपी में उल्लेखनीय इजाफा होगा।