उत्तर प्रदेश के इस शहर में खुदाई के दौरान मिला 'खजाना', मिले सोने के सिक्के
Uttar Pradesh Samachar
उत्तर प्रदेश
चेतना मंच
26 Jul 2025 07:06 PM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जब पाइपलाइन बिछाने के दौरान खुदाई कर रहे मजदूरों के फावड़े की चोट सोने के खजाने से जा टकराई। देखते ही देखते मजदूरों की आंखें फटी की फटी रह गईं, क्योंकि मिट्टी के नीचे से 11 चमचमाते हुए सोने के सिक्के निकल आए। घटना क्वार्सी थाना क्षेत्र के बरहेती गांव की है, जहां पानी निकासी के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। खुदाई में मिले सिक्कों की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और थोड़ी ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी 11 सिक्कों को कब्जे में लेकर उन्हें पुरातत्व विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
प्राचीन काल के हो सकते हैं सिक्के
पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर सिक्के ऐतिहासिक प्रतीत हो रहे हैं। इन्हें जांच के लिए पुरातत्व विभाग को भेजा जाएगा, जहां विशेषज्ञ इनकी ऐतिहासिकता, धातु शुद्धता और काल निर्धारण की पुष्टि करेंगे। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने दावा किया है कि सिर्फ सोने के सिक्के ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य कीमती वस्तुएं भी खुदाई में मिली हैं, जिन्हें कुछ लोगों ने छिपा लिया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास खुदाई में मिली कोई वस्तु है, तो उसे प्रशासन के हवाले करें।
ऐसे ही 'खजाने' की एक और कहानी : डिंडौरी में मिला हंडा
इस घटना ने मध्य प्रदेश के डिंडौरी में कुछ महीने पहले सामने आए एक मामले की याद ताजा कर दी, जहां एक किसान को बकरियां चराते वक्त जमीन में गड़ा हुआ एक पुराना हंडा मिला। हंडे में कई प्राचीन मुद्राएं और एक धातु की घंटी निकली। अंधविश्वास के चलते किसान ने हंडा गांव के कबाड़ी को सौंप दिया। कबाड़ी को जब उसमें सोने जैसी धातु की चमक दिखी तो उसने उसे छिपाकर अपने घर में रख लिया, ताकि बाद में किसी जानकार से उसकी कीमत का पता कर सके। लेकिन जब किसान ने घर लौटकर परिवार को पूरा वाकया बताया, तो गांववालों के साथ सभी कबाड़ी के घर पहुंचे और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने हंडा और उसमें रखी प्राचीन मुद्राएं जब्त कर लीं और अब मामला पुरातत्व विभाग के अधीन है।
खजाना मिलने के मामलों में क्या कहता है कानून?
भारतीय कानून के अनुसार, भूमि के भीतर दबे हुए किसी भी प्राचीन, कीमती या ऐतिहासिक वस्तु की सूचना तत्काल प्रशासन को देना अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति ऐसी वस्तुओं को छिपाने या स्वयं रखने की कोशिश करता है, तो उसे दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। वहीं यदि वस्तु का ऐतिहासिक महत्व साबित होता है, तो संबंधित व्यक्ति को इनाम दिए जाने का भी प्रावधान है।