दिवाली पर यूपी को मिलेगा हाई-स्पीड कनेक्टिविटी का तोहफा, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे तैयार
Uttar Pradesh Samachar
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:24 AM
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी को एक नई रफ्तार मिलने जा रही है। लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रियों को घंटों की थकान भरे सफर से राहत मिलने वाली है। 6 लेन वाले लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का कार्य अब लगभग अंतिम चरण में है और संभावना है कि आगामी दिवाली पर यह जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
90 फीसदी कार्य पूर्ण, दिवाली से पहले उद्घाटन संभव
सरकारी सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्सप्रेसवे का 90% से अधिक काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यदि शेड्यूल के अनुसार सब कुछ होता है, तो दिवाली पर प्रदेश को यह मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर गिफ्ट मिल सकता है। जहां अभी लखनऊ से कानपुर की दूरी तय करने में औसतन ढाई से तीन घंटे लगते हैं, वहीं इस 62.7 किमी लंबे हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे के जरिए यह सफर महज 40 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस सड़क पर वाहन 100 -125 किमी/घंटे की रफ्तार से फर्राटा भर सकेंगे। यह लखनऊ रिंग रोड से भी जुड़ा रहेगा, जिससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।
कहां से कहां तक फैला है यह एक्सप्रेसवे?
शुरूआत लखनऊ के पिपरसंड से होकर नवाबगंज, बंथरा, बनी, दतौली कांठा, तौरा, नीरना, अमरसस, रावल से होते हुए समापन कानपुर (उन्नाव जिले के आजाद चौक पर) होगी। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे न केवल उत्तर प्रदेश की दो प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक नगरीयों को जोड़ता है, बल्कि इसका उद्देश्य क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बूस्ट देना है। लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक परिवहन, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में इसके दीर्घकालिक प्रभाव देखने को मिलेंगे। Uttar Pradesh Samachar