
Uttar Pradesh Samachar : उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की 37 लाख बहनों को रक्षाबंधन का खास गिफ्ट दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के गिफ्ट के तौर पर 37 लाख बहनों को भारी भरकम नगद धनराशि प्रदान की है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बताया है कि प्रदेश की 36 लाख 75 हजार 623 खास बहनों के बैंक के खातों में 1115 करोड़ 64 लाख रूपए की धनराशि जमा कराई गई।
उत्तर प्रदेश की सरकार ने प्रदेश की खास बहनों को रक्षाबंधन का खास गिफ्ट दिया है। दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार ने यह खास गिफ्ट प्रदेश की उन महिलाओं को दिया है जिन महिलाओं के पति की किसी कारण से मृत्यु हो चुकी है। पति की मृत्यु हो जाने के बाद निराश्रित महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश की सरकार पहले से ही ‘‘निराश्रित महिला पेंशन योजना” चला रही है। उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत हर तीन महीने में निराश्रित महिलाओं के बैंक खाते में सरकार पैसे जमा कराती है। अगस्त के महीने में उत्तर प्रदेश सरकार ने तिमाही किश्त अगस्त के प्रथम सप्ताह में ही निराश्रित महिलाओं के खातों में जमा करा दी है। उत्तर प्रदेश सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन के गिफ्ट के तौर पर बहनों को यह खास गिफ्ट दिया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर से पहले निराश्रित महिलाओं को बड़ा गिफ्ट दिया है। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप, महिला कल्याण विभाग ने पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) की ₹1115.64 करोड़ की धनराशि अगस्त के पहले सप्ताह में ही 36,75,623 लाभार्थी महिलाओं के आधार-लिंक्ड बैंक खातों में पीएफएमएस के माध्यम से हस्तांतरित कर दी है। जिससे उन्हें त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाने में किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उत्तर प्रदेश सरकार के महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना उत्तर प्रदेश में महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की ऐसी महिलाएं, जिनके पति की मृत्यु हो चुकी है, उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी हैं और जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ₹2 लाख से अधिक नहीं है, उनको प्रतिमाह 1000 की पेंशन प्रदान की जाती है। योजना की पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके इसके लिए पेंशन की राशि सीधे उनके आधार-लिंक्ड बैंक खातों में पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है।
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में इस योजना के तहत 35,78,111 लाभार्थी महिलाओं को 1062.15 करोड़ की धनराशि प्रदान की गई थी। दूसरी तिमाही में सरकार ने सक्रियता दिखाते हुए 36,75,623 महिलाओं को 1115.64 करोड़ की राशि अगस्त के पहले सप्ताह में ही हस्तांतरित कर दी। यह कदम रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे पर्वों से पहले महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, ताकि वे अपने परिवार के साथ उत्सव को पूरे उत्साह के साथ मना सकें। महिला कल्याण विभाग की निदेशक संदीप कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पेंशन की राशि समय से पहले हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। निदेशक ने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश की निवासी महिलाएं sspy-up.gov.in वेब पोर्टल के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। यह डिजिटल पहल पारदर्शिता और सुगमता को बढ़ावा देती है, जिससे पात्र महिलाएं बिना किसी बाधा के योजना का लाभ उठा सकती हैं। महिला कल्याण विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि आवेदनों की जांच त्वरित और निष्पक्ष तरीके से हो, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो सकें।