उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले एक युवक को प्यार की सजा मौत मिली है। युवक का एक किशोरी के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसको लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी दिनों से तनाव का माहौल चल रहा था। इसके बावजूद प्रेमिका फोन आने पर प्रेमी दौड़ा चला गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश किया, तो तीन दिन बाद कीचड़ में उसकी बॉडी पड़ी मिली। अब परिजनों ने प्रेमी के परिजनों पर हत्या का शक जताते हुए थाने में एफआईआर कराई है। Uttar Pradesh Samachar
कानपुर के रावतपुर में रहता था प्रेमी
कानपुर के रावतपुर मसवानपुर फर्रा निवासी 18 वर्षीय सुमित अपने परिवार के साथ रहता था। उसका पड़ोस में रहने वाली किशोरी से प्रेम प्रसंग था। बीते रविवार शाम को सुमित खाना खा रहा था, तभी किशोरी का फोन आ गया। वह खाना छोड़कर किशोरी से मिलने चला गया। जिसके बाद से वह नहीं लौटा। जबकि सोमवार को किशोरी के पिता और चाचा जबरन उनके घर में घुस आए और गाली गलौज व मारपीट कर सुमित का मोबाइल फोन भी ले गए और थाने में जमा कर दिया। आरोप है कि जब पीड़ित परिवार शिकायत करने थाने पहुंचा, तो पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में आशंका है कि प्रेमी की हत्या करने के बाद आरोपी उसका मोबाइल लेकर लोकेशन बदलकर पुलिस को गुमराह करना चाहते थे।
कीचड़ में दबा मिला शव
बुधवार को पड़ोस में स्थित तालाब की खाली जमीन के कीचड़ में सुमित का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आनन फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या कर शव कीचड़ में छुपाने के आरोप लगाया है। इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए एसीपी रंजीत कुमार से शिकायत की है। परिजनों का कहना है कि जब वह शिकायत करने गए थे, तो पुलिस ने उन्हें भगा दिया था।
किशोरी के पिता और चाचा को पुलिस ने पकड़ा
एसीपी रंजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बनाया। साथ ही उनके मुताबिक ही कार्रवाई करने की बात कही। पुलिस की एक टीम ने मामले में युवती के पिता और तीन चाचा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीमें उनसे पूछताछ कर रही है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूंछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम और सीडीआर की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा मामला साफ हो पाएगा। वहीं क्षेत्र में लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। Uttar Pradesh Samachar