
Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में प्रेमिका का रिश्ता कहीं ओर तय कर दिए जाने पर प्रेमी युगल ने एक ऐसा कदम उठा लिया, जिससे प्रेमी और प्रेमिका, दोनों घरों में मातम छा गया। दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन करके जान दे दी। दोनों के परिजनों में से किसी ने पुलिस से शिकायत नहीं की और वाराणसी में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी 18 वर्षीय युवक का पड़ोस के ही एक गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक दूसरे से मुलाकात भी करते थे और दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना लगा रहता था। बताया जाता है कि दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों के परिजनों को थी, लेकिन दोनों की शादी करने के लिए परिवार वाले तैयार नहीं थे। कुछ दिन पूर्व युवती की रिश्ता उसके परिवार वाले दूसरी जगह तय कर दिया। रिश्ता तय होने की जानकारी मिलने के बाद प्रेमी-प्रेमिका परेशान हो गए।
जिसके बाद आज दोनों ने गांव के बाहर मुलाकात की और एक साथ जीने मरने की कसम खाकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। मौत की जानकारी परिजनों को उस समय हुई जब प्रेमिका की मां सुबह में गोबर फेंकने के लिए जा रही थी। लाश देखकर वह घर पहुंची और घर के पुरुष सदस्यों से पूरी बात बताई। युवती के परिजनों द्वारा युवक के परिजनों को भी सूचित किया गया। घटना के बाद दोनों के परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि दोनों की मौत होने के बाद दोनों में से किसी के परिजन पुलिस को इसके बारे में जानकारी नहीं दी। इसके बाद दोनों की लाश को लेकर लोग वाराणसी पहुंचे और दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद बबुरी थाना प्रभारी राजेश सरोज गांव में पहुंचे तो दोनों के घर कोई भी पुरुष सदस्य नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में अभी तक किसी पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर दी जाती है तो उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।