VARANASI POLITICS: कांग्रेस नेता अजय राय पर हवाई अड्डा निदेशक ने करायी एफआईआर
VARANASI POLITICS
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:39 AM
VARANASI POLITICS: वाराणसी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के विमान को वाराणसी के बाबतपुर हवाईअड्डे पर न उतरने देने के बयान को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय पर फूलपुर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
VARANASI POLITICS
गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि हवाईअड्डा प्राधिकरण ने ‘अंतिम समय पर’ राहुल गांधी के विमान को यहां उतरने की अनुमति नहीं दी जिससे उन्हें राष्ट्रीय राजधानी लौटना पड़ा। राय ने कहा था कि गांधी को प्रयागराज के कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल में एक समारोह में शिरकत के लिए प्रयागराज जाना था।
पुलिस के अनुसार बाबतपुर हवाई अड्डे के कार्यवाहक निदेशक अजय पाठक ने फूलपुर थाने में एयरपोर्ट अथॉरिटी की साख को क्षति पहुचाने और बदनाम करने की साजिश करने को लेकर राय के खिलाफ तहरीर दी है। पाठक ने तहरीर में कहा है कि 13 फरवरी को बाबतपुर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति के आगमन के साथ ही राहुल गांधी के आगमन की सूचना थी। परंतु इस सम्बंध में किन्नौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से सूचना मिली कि राहुल गांधी का कार्यक्रम बदल जाने की वजह से उनके विमान ने कन्नूर से नयी दिल्ली के लिए उड़ान भरी है।
पुलिस के अनुसार पाठक की तहरीर पर फूलपुर पुलिस ने अजय राय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, अजय राय ने कहा, हम मुकदमें से डरने वाले नही हैं भाजपा सरकार को बेनकाब करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शासन के दबाव में कार्यवाहक एयरपोर्ट निदेशक की तहरीर पर मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। राय ने कहा कि पूर्व में भी कई बार केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में मेरे ऊपर मुकदमे हुए व राष्ट्रीय सुरक्षा कानून तक लगाया गया, लेकिन तब भी मैं मजबूती से खड़ा रहा और दमदारी से लड़ाई लड़ी। हम भाजपा को पूरी तरह से बेनकाब करेंगे ये मुकदमे मेरे हौसलों को कम नही कर सकते। राय ने कहा कि हम भाजपा सरकार को आगाह करना चाहते हैं कि न झुके हैं, न झुकेंगे, दमदारी के साथ खड़े थे ,खड़े हैं और खड़े रहेंगे।