बाराबंकी के रामनगर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानीय मामलों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर के पास आयोजित प्रदर्शन में संगठन ने पुलिस प्रशासन के सामने छह बिंदुओं का ज्ञापन रखा।

UP News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मामलों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। आदर्श नगर पंचायत स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर के पास आयोजित प्रदर्शन के दौरान संगठन ने पुलिस प्रशासन से कई मामलों में कार्रवाई की मांग की। संगठन मंत्री अखिल ने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनपद स्तर पर व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।धरने के बाद बजरंग दल प्रखंड रामनगर की ओर से पुलिस अधीक्षक बाराबंकी के नाम छह बिंदुओं का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया। ज्ञापन में अलग-अलग स्थानीय मामलों का उल्लेख करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने रामनगर कस्बे में मंदिर और धार्मिक स्थल के समीप संचालित मीट की दुकान को हटाने की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने धार्मिक स्थलों के आसपास के माहौल और स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की मांग की। UP News :
ज्ञापन में 15 सितंबर को जिला सहसंयोजक विनय वर्मा को विदेशी व्हाट्सएप नंबर से कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला भी उठाया गया। संगठन पदाधिकारियों के अनुसार, इस मामले में रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज है, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके अलावा नगर संयोजक राघवेंद्र त्रिपाठी की ओर से 25 जुलाई को दिए गए प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। संगठन ने 11 मई को ग्राम बिठौरा में मंदिर में स्थापित हनुमान प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की। साथ ही ग्राम अमोलीकला निवासी दुर्गेश के घर हुई चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई। लोहटी-जाई से जुड़े कुछ मामलों में धाराओं और गिरफ्तारी को लेकर भी संगठन पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई। उन्होंने सभी मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार प्रभावी कार्रवाई की मांग की। UP News :
धरने के बाद संगठन मंत्री अखिल, जिला मंत्री राहुल वर्मा और जिला सहसंयोजक विनय वर्मा ने पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, नायब तहसीलदार सैयद तहजीब हैदर और थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर संगठन के पदाधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, संगठन मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर उठाए गए मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को जनपद स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन