शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए लगातार खतरे का कारण बनी हुई है। रेलवे फाटक बंद होने के कारण स्कूली छात्राओं और मंदिरों के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे लाइन पार करने की मजबूरी होती है।

UP News : विंध्याचल धाम क्षेत्र में शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए लगातार खतरे का कारण बनी हुई है। रेलवे फाटक बंद होने के कारण स्कूली छात्राओं और मंदिरों के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे लाइन पार करने की मजबूरी होती है। इस समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रेलवे पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवरब्रिज) बनवाने की मांग की। UP News :
राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन से शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग पर फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और पूर्व में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, शिवपुर क्षेत्र के मुडगुडा, गोपालपुर, अष्टभुजा समेत आसपास के गांवों की 7 से 18 वर्ष तक की छात्राएं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज शिवपुर में पढ़ने जाती हैं। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण कई बार उन्हें रेलवे लाइन पार करके स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे लाइन पार करते समय किसी भी समय हादसा होने का खतरा बना रहता है। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भी लगातार चिंता रहती है।
शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग का इस्तेमाल स्थानीय ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी करते हैं। विंध्यवासिनी देवी मंदिर से कालीखोह और अष्टभुजा मंदिर की त्रिकोण यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस मार्ग से श्रद्धालु भगवान राम द्वारा स्थापित रामेश्वर मंदिर, मां श्मशान काली, मां तारा पीठ और रामगया घाट समेत कई धार्मिक स्थलों की ओर जाते हैं। रेलवे लाइन पार करने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि अक्टूबर में नवरात्रि मेले के दौरान विंध्याचल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इससे पहले पितृपक्ष के दौरान भी दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पिंडदान के लिए विंध्याचल पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे लाइन पार करने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि भीड़ के दौरान यहां किसी बड़े हादसे की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित सक्षम अधिकारियों को निर्देश देकर शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग पर पैदल उपरिगामी रेलवे पुल का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि फुट ओवरब्रिज बनने से आसपास के ग्रामीणों के साथ ही विंध्यवासिनी देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि रेलवे लाइन पार करने के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। UP News :
विज्ञापन