
Viral news : उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश की वजह से ही शिवपाल सिंह यादव यूपी के सीएम नहीं बन सके हैं। अखिलेश यादव ने ही अपने चाचा शिवपाल सिंह (Shivpal Yadav) को सीएम नहीं बनने दिया।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव, शिवपाल यादव को कुछ नहीं देंगे, महत्वपूर्ण पद तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का होता है वो पद तो देंगे नहीं। सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पत्नी चुनावी मैदान में उतरी तब वह एसी छोड़ पाए, अपने भाई के लिए तो उन्होंने एसी छोड़ी नहीं। इसके अलावा वह खतौली भी नहीं गए।
इसके साथ ही सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि केवल विरोध करने के लिए विरोध करते हैं, नीति ठीक हो तो उसका विरोध नहीं होना चाहिए। भाजपा जो मेहनत करती है उससे वो 80 में 80 सीट जीत ले तो किसी को कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
हाल ही में ओम प्रकाश राजभर ने पेंशन योजना को लेकर कहा कि पेंशन का सत्यापन सिर्फ कागज पर नहीं धरातल पर होना चाहिए। क्योंकि अगर ऐसा हो तो इस तरह की शिकायत नहीं आएगी, एक दिन विभागीय मंत्री और प्रमुख सचिव, संबंधित अधिकारी, सिर्फ 10 गांव चेक करे फिर समस्या नहीं आएगी। जो भी घपलेबाजी हो रही है अधिकारियों की मिलीभगत से हो रही है।