योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1932 में महंत दिग्विजयनाथ महाराज द्वारा स्थापित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद विकसित भारत के निर्माण की संकल्पना को मजबूत करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह-2025 के शुभारंभ अवसर पर कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संकटों और चुनौतियों के समय महापुरुषों का शौर्य और पराक्रम नई ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि किसी राष्ट्र की संस्कृति कमजोर हो जाए तो उसकी एकात्मता और पहचान भी प्रभावित हो जाती है। UP News
मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई और सीमाओं पर शहीद हुए वीर जवानों को राष्ट्र की प्रेरणा बताते हुए कहा कि भारत की संस्कृति उन राष्ट्रीय मूल्यों से निर्मित है, जिन्हें समय-समय पर ऐतिहासिक घटनाओं ने संबल और शक्ति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भारत में मनाए जाने वाले विविध पर्व पूरे देश को बिना किसी भेदभाव के जोड़ते हैं और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की उत्कृष्ट भावना को मजबूत बनाते हैं। समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट योगेंद्र डिमरी (से.नि.) ने किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रो. यूपी सिंह सहित सभी दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1932 में महंत दिग्विजयनाथ महाराज द्वारा स्थापित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद विकसित भारत के निर्माण की संकल्पना को मजबूत करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। परिषद शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, कृषि, तकनीक और कौशल विकास को बढ़ावा देने वाले संस्थानों—जैसे महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, महाराणा प्रताप पॉलीटेक्निक—के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी दक्षता प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और किसानों के प्रशिक्षण के लिए महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र तथा अन्य संस्थाएं दूरदराज इलाकों में भी उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिषद की पहलें ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं और प्रदेश सरकार इस दिशा में निरंतर नए प्रयास कर रही है। UP News