Murder : बाराबंकी। स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के नेता के भाई की हत्या कर दी गयी। हत्यारों ने घटना को तब अंजाम दिया जब वह रात में अपने खेत में पानी देने गए थे। हत्या किसने की इसका पता अभी तक नहीं चला है। हालांकि, पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।
Murder
भाजपा नेता के भाई की हत्या की बात फैलते ही भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए है। पुलिस का दावा है कि हत्यारों का जल्द ही सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना बाराबंकी जिले के सुबेहा क्षेत्र में घटित हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि सराय चंदेल गांव निवासी अधिवक्ता दिनेश कुमार चंदेल (45) बुधवार रात खेत में सिंचाई के लिये गये थे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह चंदेल का शव खेत में मिला।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि चंदेल के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार करके उनकी हत्या की गयी है। सिंह ने बताया कि मृतक दिनेश स्थानीय भाजपा नेता अवधेश सिंह चंदेल के भाई थे। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल की जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर रही है।