Weather Update : दिन में ही छा गया अँधेरा ,खूब बरसे बदरा गर्मी-उमस से राहत
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:38 AM
Weather Update: लखनऊ और कानपुर में बुधवार को दोपहर एक बजे अंधेरा जैसा छा गया। डेढ़ बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने UP के 43 जिलों में आज यानी बुधवार से लेकर 23 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई है। पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी UP तक कई शहरों में इन दिनों गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की भी संभावना है।
बुधवार सुबह सहारनपुर में तेज बारिश हुई। साढ़े 11 बजे के करीब मुजफ्फरनगर में भी बारिश शुरू हो गई। इस समय पश्चिमी UP के कई जिलों में घने बादल छाए हैं। रात तक यहां तेज बारिश होगी। मंगलवार को दिन और रात की बात करें तो पश्चिमी UP के कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई।
4 दिन UP के 43 जिलों में अच्छी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों तक UP के 43 जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। इन जिलों गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, मथुरा, आगरा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झांसी, ललितपुर हैं।
पिछले 24 घंटे: बात मंगलवार दिन और रात की करें तो पश्चिमी UP के 5 जिलों में मामूली बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक आगरा में 0.1mm, बिजनौर में 0.8mm, फिरोजाबाद में 0.4mm, मेरठ में 0.2mm, मुजफ्फरनगर में 0.7mm ही बारिश हुई। इसके अलावा अमेठी, सुल्तानपुर में रात 8 बजे के करीब झमाझम पानी बरसा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.2°C तो न्यूनतम 28°C रहा।
अगले 24 घंटे: बात बुधवार दिन और रात की करें तो अच्छी बारिश पश्चिमी UP में ही हो सकती है। सहारनपुर के आसपास के इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है। मेरठ और आसपास घने बादल छाए हैं। लखनऊ, आगरा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर के आसपास बारिश की संभावना बन रही है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि मानसूनी टर्फ काफी हद तक गंगा के मैदानी इलाके की तरफ बढ़ रहा है यानी यहां बारिश की संभावना ज्यादा बन रही है।
सहारनपुर में तेज बारिश से मौसम सुहाना यानी हल्का ठंडा हो गया है। लोगों को उमस वाली गर्मी और तेज धूप से राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी 23 जुलाई तक झमाझम बारिश के ही अनुमान हैं। आज सुबह 10 बजे यहां का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 25°C दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम 26°C रहा।
मेरठ, दादरी और आसपास के जिलों में बुधवार सुबह से ही बादल छाए हैं। कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ग्रेटर नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर और मेरठ के देहात इलाके में हल्की बूंदें भी पड़ीं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तेज बारिश की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है।
प्रयागराज में निकली धूप, कल से होगी बारिश
प्रयागराज में बुधवार सुबह से धूप निकली है। मौसम वैज्ञानिक एआर सिद्दीकी ने बताया कि आज गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 21 से 23 जुलाई के बीच जोरदार बारिश हो सकती है। आज का अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रहने की संभावना है।
वाराणसी में रोज की तरह आज भी तेज धूप निकली है। आज का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 28°C है। सुबह से बह रही हल्की हवा ने गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है। BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जोरदार बारिश जैसी कोई कंडीशन दिख नहीं रही है। हो सकता है कि हल्की-फुल्की बरसात हो।