UP News: ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई हैं।

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज-सिंधौली क्षेत्र से होकर बहने वाली पीलाखार नदी में कथित तौर पर मगरमच्छ दिखाई देने की खबर से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नदी के पानी में एक बड़े जलीय जीव को तैरते हुए देखा जा सकता है, जिसे स्थानीय लोग मगरमच्छ बता रहे हैं. हालांकि, अभी तक वन विभाग या स्थानीय प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से नदी में किसी बड़े जलीय जीव के होने की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई हैं। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
नदी किनारे जाने से बच रहे ग्रामीण
पीलाखार नदी के आसपास बसे गांवों के लोगों का कहना है कि वे रोजमर्रा के कार्यों के लिए नदी पर निर्भर रहते हैं. पशुओं को पानी पिलाने, खेतों तक आने-जाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचते हैं। ऐसे में मगरमच्छ होने की आशंका ने लोगों को सतर्क कर दिया है। ग्रामीणों ने बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने की हिदायत दी है और मवेशियों को भी सावधानी के साथ नदी तक ले जाया जा रहा है।
वन विभाग से जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से वायरल वीडियो की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नदी में वास्तव में मगरमच्छ है तो लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
अभी तक नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो में दिखाई देने वाला जीव मगरमच्छ है या कोई अन्य जलीय प्राणी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।
फिलहाल पूरे मामले में वन विभाग की जांच का इंतजार किया जा रहा है। जब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक ग्रामीणों को नदी के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन