UP News : पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले का त्वरित खुलासा करने वाली टीम की सराहना की।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खरगूपुर थाना क्षेत्र जिस घटना को पहले अज्ञात चोरों की करतूत माना जा रहा था, उसके राज से सब पर्दा उठा तो पुलिस समेत हर कोई हैरान रह गया। चोरी की मास्टरमांड घर की महिला निकली और यह साजिश उसने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार, विशुनापुर बाजार निवासी लवकुश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई की रात अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर बक्सों के ताले तोड़ सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चुरा ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
लवकुश की पत्नी पर हुआ शक
जांच के दौरान घटनास्थल और परिवार के सदस्यों से पूछताछ में लवकुश की पत्नी पूनम कसौधन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। महिला पुलिसकर्मी ने जब उससे अलग से पूछताछ की तो उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पूनम ने बताया कि उसके रिश्तेदार विकास कसौधन से प्रेम संबंध थे। दोनों साथ भागने की योजना बना रहे थे। इसके लिए पैसों का इंतजाम करना था इसलिए घर में रखे जेवर और नकदी गायब करने की योजना बनाई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विकास पूनम का मौसेरा भाई है।
पूनम-विकास ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात पूनम ने विकास फोन कर घर बुलाया। दोनों ने मिलकर संदूक और बक्सों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन निकाल लिए जो विकास ने रख लिए। इसके बाद चोरी का रूप देने के लिए कमरे का सामान बिखेर दिया गया। पूनम ने बेहोश होने का नाटक करते हुए दावा किया कि 9-10 अज्ञात बदमाश घर में घुस आए थे और मारपीट कर चोरी की घटना को अंजाम दिया.
पूनम की निशानदेही पर पुलिस ने विकास को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 19.610 ग्राम सोने के आभूषण, 1.585 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद सामान में अंगूठियां, झुमकी, पायल, बिछिया, कमरबंद और पायजेब समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
खरगूपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक ने मामले का त्वरित खुलासा करने वाली टीम की सराहना की।
विज्ञापन