विज्ञापन
Ballia News ; मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

UP News; उत्तर प्रदेश के बलिया में एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पति और उसकी प्रेमिका पर पत्नी की हत्या का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 24 मई को बलिया के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर दियारा इलाके में झाड़ियों के बीच एक युवती का शव मिला।
मृतका की पहचान रेवती नगर निवासी 22 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई। पुलिस ने प्रीति के पति चुन्नीलाल प्रजापति और उसकी 21 वर्षीय महिला मित्र शोभा को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रीति के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रीति की शादी 6 मार्च 2025 को चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी।
आरोपी शोभा ने क्या बताया
पूछताछ में शोभा ने बताया कि 22 मई सुबह 9 बजे चुन्नीलाल के कहने पर वह प्रीति को घुमाने के लिए बलिया से बयासी पुल की ओर ले गई। चुन्नीलाल ने उसे एक छोटा पैकेट दिया जिसमें नशीला पदार्थ था। शोभा ने वह पदार्थ पानी की बोतल में मिलाकर प्रीति को पिला दिया। ई-रिक्शा से जाते समय प्रीति बेहोश हो गई। दोनों बयासी में उतर गए। कुछ देर बाद चुन्नीलाल बाइक पर पहुंचा और बेहोश प्रीति को बाइक पर अपने बीच बिठाकर पुल के पार सुनसान जगह ले गया। वहां चुन्नीलाल ने प्रीति का गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और घर लौट गए।
चुन्नी ने दर्ज कराई पुलिस में रिपोर्ट
चुन्नी लाल ने प्रीति के पिता को फोन करके बताया कि वह कहीं चली गई है। चुन्नीलाल ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
24 मई को शिवपुर दियर के पास झाड़ियों में प्रीति का शव मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही चुन्नीलाल और उसके परिवार के लोग दहेज को लेकर प्रीति को प्रताड़ित करते थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन