अमेठी में भाई की मौत की खबर सुनकर मायके जा रही निर्मला देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक के पिछले पहिए में साड़ी फंसने से संतुलन बिगड़ा। एक ही परिवार में दो मौतों से मातम पसरा।

UP News : उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि हर आंख नम हो गई। भाई की मौत की खबर सुनकर मायके जाने के लिए निकली बहन की रास्ते में सड़क हादसे में जान चली गई। जिस बहन के कदम भाई के अंतिम दर्शन के लिए मायके की ओर बढ़ रहे थे, वह खुद रास्ते में ही दुनिया छोड़ गई। परिवार में पहले भाई की मौत का दुख था, लेकिन कुछ ही समय बाद बहन की मौत की खबर ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रामनाथपुर बड़ा मजरे महमूदपुर निवासी निर्मला देवी (55), पत्नी शिवसागर मिश्र, मंगलवार सुबह अपने भाई के निधन की सूचना मिलने पर मायके जाने के लिए निकली थीं। उनका मायका पूरे दुरई मजरे टीकरमाफी में बताया गया है। वह अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। रास्ते में अमेठी क्षेत्र के गुंगवाछ गांव के पास अचानक उनकी साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह हादसे का शिकार हो गईं। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि निर्मला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। UP News
निर्मला देवी अपने भाई की मौत की खबर सुनकर परिवार के दुख में शामिल होने के लिए निकली थीं। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मायके पहुंचने से पहले ही उनके साथ इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी। मां की मौत से उनके बेटे पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक ओर मामा के निधन का शोक और दूसरी ओर मां को खोने का दर्द—इस दोहरे सदमे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से निर्मला देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अमेठी पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। UP News
भाई की मौत के बाद बहन की असामयिक मृत्यु से परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में पहले से ही एक सदस्य के निधन का दुख था, वहां दूसरी मौत की खबर ने शोक को और गहरा कर दिया। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। UP News
विज्ञापन