विज्ञापन
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में सरकार की नीतियों और योजनाओं का केंद्र बिंदु महिलाएं ही रही हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में सरकार की नीतियों और योजनाओं का केंद्र बिंदु महिलाएं ही रही हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ग्रामीण आवास योजनाओं का एक महत्वपूर्ण पहलू महिला सशक्तिकरण भी है। अधिकांश आवास महिलाओं के नाम पर स्वीकृत किए गए हैं, जिससे परिवार और समाज में उनकी भागीदारी और निर्णय क्षमता को बल मिला है। इसके साथ ही लाभार्थी परिवारों को स्वयं सहायता समूहों और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़कर स्वरोजगार, कौशल विकास और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।
UP News
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही है कि गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाएं कागजों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोमवार को कहा कि जन-धन, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को सम्मान और अवसर प्रदान करना रहा है।
UP News
मौर्य ने विश्वास जताया कि गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर चलाई जा रही योजनाएं आने वाले वर्षों में भी देश के विकास की गति को मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता ने करोड़ों लोगों के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
UP News
विज्ञापन