विज्ञापन
Yamuna Expressway Bus Accident: इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Mathura Road Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 112 और 113 के बीच यात्रियों से भरी एक वॉल्वो बस गिट्टी से लदे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। बस के अंदर फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई निजी वॉल्वो बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। बस बिहार नंबर की बताई जा रही है और उसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। दूसरी ओर, राजस्थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस पीछे से ट्रेलर में जा भिड़ी। टक्कर की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उनके पास मिले दस्तावेजों और अन्य सामान के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी।
हादसे में घायल हुए कई यात्रियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जिससे राहत कार्य में तेजी बनी रही।
पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि हादसे की वजह बस चालक को नींद का झोंका आना हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही अधिकारियों की ओर से आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
विज्ञापन