विज्ञापन
UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोक भवन में फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग के बाद मूवी को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।

UP News: उत्तर प्रदेश के सत्ता गलियारों में 10 मई का दिन हलचल भरा रहा। योगी कैबिनेट का विस्तार होना था और दिन भर राजनीतिक घटनाक्रम चलता रहा। 6 नए मंत्री कैबिनेट का हिस्सा बने जबकि 2 को प्रमोशन मिला। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित कई मंत्रियों ने हाल ही में रिलीज हुई फ़िल्म 'कृष्णावतारम पार्ट 1' देखी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोक भवन में फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग के बाद मूवी को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।
राज्य सरकार ने निर्देश दिया है कि सभी जिलों में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाए, ताकि बच्चे और युवा भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़ सकें।
फिल्म का निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है और 7 मई को यह हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषाओं में रिलीज़ हुई। इसमें सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट और निवाशिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
योगी ने जमकर की फिल्म की तारीफ
PTI के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म भगवान कृष्ण के जीवन को मानवीय नजरिए से दिखाती है और द्वापर युग, सनातन संस्कृति व भारतीय परंपराओं को बड़े पैमाने पर दर्शाती है। उन्होंने कहा कि फ़िल्म में राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा की कहानियों को भी दिखाया गया है।
योगी ने इस अवसर को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के लिए गर्व का विषय बताया, जिनकी नातिन, संस्कृति, फ़िल्म में सत्यभामा का किरदार निभा रही हैं। पटेल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित और भी फिल्में बनाई जानी चाहिए।
फिल्म मेकर्स ने जताया आभार
फिल्म मेकर्स ने Xपर लिखा, “अत्यंत कृतज्ञता के साथ, हमें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश में ‘कृष्णावतारम’ को टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। उस फ़िल्म का समर्थन करने के लिए आप सभी का धन्यवाद, जो हमारी विरासत, हमारी संस्कृति और श्री कृष्ण की गाथा को हर पीढ़ी के दर्शकों के लिए जीवंत करती है।”
विज्ञापन
विज्ञापन