बैठक में महिलाओं के लिए छात्रावास योजना, 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, नए लिंक एक्सप्रेस-वे, मानसून सत्र बुलाने और विभिन्न विकास परियोजनाओं समेत एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर फैसला लिया जा सकता है। बैठक में महिलाओं के लिए छात्रावास योजना, 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, नए लिंक एक्सप्रेस-वे, मानसून सत्र बुलाने और विभिन्न विकास परियोजनाओं समेत एक दर्जन से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। कैबिनेट बैठक में परिवहन विभाग के प्रस्ताव पर करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से 220 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने को मंजूरी मिल सकती है। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है। UP News
महिलाओं की सुरक्षा और आवास सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत वाराणसी में 500 क्षमता वाले नए छात्रावास के निर्माण के लिए भूमि आवंटन प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल है। इसके अलावा राजघाट स्थित बसंत महिला महाविद्यालय परिसर में नए छात्रावास भवन के निर्माण पर भी निर्णय लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र अगस्त के पहले सप्ताह में बुलाया जा सकता है। माना जा रहा है कि सत्र की शुरुआत 3 अगस्त से हो सकती है। इस संबंध में प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है। UP News
प्रदेश में सड़क नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से जुड़े प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखे जाएंगे। इनमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेस-वे और लखनऊ एक्सप्रेस-वे को फर्रुखाबाद के रास्ते गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ने वाली परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं के लिए यूपीडा द्वारा तैयार आरएफपी (Request for Proposal) दस्तावेजों को मंजूरी मिल सकती है।
कैबिनेट में विंध्य-पूर्वांचल स्पर लिंक एक्सप्रेस-वे और विंध्य एक्सप्रेस-वे के छह लेन मार्ग को भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित करने के लिए प्रस्तावित नए संरेखण (Alignment) को भी मंजूरी दिए जाने की संभावना है। इससे प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। UP News
बैठक में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड को वर्ष 2026-27 के लिए नाबार्ड से 650 करोड़ रुपये तक ऋण लेने की अनुमति तथा कुल 1500 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने संबंधी प्रस्ताव पर भी फैसला लिया जा सकता है। कैबिनेट के एजेंडे में आउटसोर्स सेवा निगम को ब्याज सहित 20 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा कानपुर के नर्वल में उपनिबंधक कार्यालय निर्माण के लिए भूमि आवंटन सहित कई प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। UP News
कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच और श्रावस्ती के दौरे पर जाएंगे। बहराइच के महसी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में वह 350 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। श्रावस्ती के इकौना स्थित सीताद्वार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लगभग 220.15 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और करीब 396.50 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक, उपकरण और अन्य लाभ भी वितरित किए जाएंगे। UP News
विज्ञापन