विज्ञापन
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDUGKY) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 1.5 लाख से अधिक युवाओं को जल्द ही वित्तीय साक्षरता और निवेश प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।

UP News : उत्तर प्रदेश में युवाओं को केवल रोजगार योग्य बनाने तक सीमित न रहते हुए अब उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDUGKY) के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 1.5 लाख से अधिक युवाओं को जल्द ही वित्तीय साक्षरता और निवेश प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस विशेष ट्रेनिंग के तहत प्रदेशभर के एक हजार से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों में पढ़ाई कर रहे युवाओं को अगले सप्ताह से यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को कमाई के साथ-साथ धन के सही प्रबंधन की जानकारी देना है, ताकि वे भविष्य की आर्थिक चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकें। UP News
इस महत्वाकांक्षी पहल को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और National Stock Exchange (NSE) के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया गया। मिशन निदेशक Pulkit Khare की पहल पर पहली बार कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों को वित्तीय शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। इस साझेदारी के तहत युवाओं को बचत, निवेश, बजट प्रबंधन, वित्तीय सुरक्षा और डिजिटल वित्तीय जागरूकता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा। समझौते से पहले मिशन मुख्यालय में एक विशेष "फाइनेंशियल लिटरेसी एंड अवेयरनेस वर्कशॉप" का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को वित्तीय निर्णय क्षमता, निवेश की समझ और आर्थिक सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं और आर्थिक अनिश्चितताओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को वित्तीय रूप से शिक्षित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है। UP News
कार्यशाला के दौरान एनएसई के विशेषज्ञों ने वित्तीय सफलता के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने युवाओं को आय का एक हिस्सा नियमित रूप से बचाने, अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने, आपातकालीन फंड तैयार करने और ऊंची ब्याज दर वाले ऋणों से दूरी बनाने की सलाह दी। इसके अलावा नियमित निवेश, निवेश पोर्टफोलियो में विविधता, जोखिम और रिटर्न की समझ, टैक्स प्लानिंग, बीमा सुरक्षा और दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एनएसई के SaaRthi App के बारे में भी जानकारी दी गई। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म निवेश शिक्षा और वित्तीय योजना से जुड़े कई उपयोगी टूल उपलब्ध कराता है। इस ऐप के माध्यम से उपयोगकर्ता निवेश संबंधी वीडियो, वित्तीय कैलकुलेटर, प्लानिंग टूल्स और फाइनेंशियल हेल्थ चेकअप जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। UP News
नई पहल के तहत युवाओं को यह भी सिखाया जाएगा कि नौकरी मिलने के बाद पहली कमाई का बेहतर उपयोग कैसे किया जाए। उन्हें बजट तैयार करने, नियमित बचत शुरू करने, सही निवेश विकल्प चुनने और कर्ज के जाल से बचने के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही घर खरीदने, व्यवसाय शुरू करने, परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की वित्तीय योजना बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम युवाओं को साइबर ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए भी तैयार करेगा। इससे वे अपने आर्थिक फैसले अधिक समझदारी और आत्मविश्वास के साथ ले सकेंगे। UP News
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल रोजगार दिलाना नहीं है, बल्कि युवाओं को अपनी आय का सही प्रबंधन करना भी सिखाना है। उनका मानना है कि रोजगार के साथ वित्तीय समझ विकसित होने पर युवा न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि समाज और देश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि एनएसई के साथ यह साझेदारी "स्किल प्लस फाइनेंशियल इंटेलिजेंस" मॉडल को मजबूत करेगी और प्रदेश के युवाओं को आर्थिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में नई पहचान देगी। UP News
विज्ञापन