
Uttarakhand News : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में स्थित बद्रीनाथ हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने तीर्थयात्रियों और प्रशासन दोनों को हिला कर रख दिया। घोलतीर नामक इलाके में एक यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी और सीधा अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे के वक्त बस में कुल 18 यात्री सवार थे।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल अलर्ट हो गया। मौके पर एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत रवाना की गईं। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि यह हादसा एक 18-सीटर टेंपो ट्रैवलर वाहन के साथ हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मृत्यु हो गई है जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और नदी के किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में बाकी यात्रियों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है। बावजूद इसके, प्रशासन ने हर संभव संसाधन मौके पर भेज दिए हैं और घायलों को तेजी से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। Uttarakhand News