MP News : सरकार ने 32 बुजुर्गों को हवाई जहाज से शिरडी तीर्थ यात्रा पर भेजा
Government sent 32 elders on Shirdi pilgrimage by air
भारत
चेतना मंच
23 May 2023 09:13 PM
इंदौर। मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मंगलवार को 32 बुजुर्गों को इंदौर से हवाई जहाज के जरिये शिरडी की निःशुल्क तीर्थ यात्रा पर रवाना किया। प्रशासन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आगर-मालवा के 65 से 76 साल के बुजुर्ग तीर्थयात्री
अधिकारी ने बताया कि एक नियमित उड़ान के जरिये सरकारी खर्च पर हवाई यात्रा करने वाले तीर्थ यात्रियों में आगर-मालवा जिले के 65 से लेकर 76 वर्ष की उम्र वाले वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन तीर्थ यात्रियों की रवानगी से पहले उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस से संबोधित किया और शुभेच्छाएं दीं। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज से यात्रा करने का पात्र है। पहले हम राज्य के बुजुर्गों को रेल यात्रा के जरिये तीर्थ स्थानों के दर्शन कराते थे। अब हम इन्हें हवाई जहाज से विभिन्न तीर्थ स्थानों के लिए रवाना कर रहे हैं। उन्होंने कमलनाथ की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना कथित रूप से बंद कर दी थी, जिसे भाजपा की मौजूदा राज्य सरकार ने बहाल कर दिया है।
देश में पहला राज्य बना मध्य प्रदेश
गौरतलब है कि इस योजना के लाभार्थियों के लिए हवाई यात्रा की सुविधा 21 मई से शुरू की गई थी और इसके तहत राज्य के 32 वरिष्ठ नागरिकों को भोपाल से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा पर रवाना किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि मध्य प्रदेश, वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा के लिए हवाई यात्रा की निःशुल्क सुविधा देने वाला भारत का पहला राज्य है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।