West Bengal : हुगली में निषेधाज्ञा लागू, इंटरनेट सेवा भी निलंबित
भारत
RP Raghuvanshi
03 Apr 2023 11:32 AM
भारत
RP Raghuvanshi
03 Apr 2023 11:32 AM
रिषड़ा (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में निषेधाज्ञा लागू है, जहां रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई थी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि जिले के कुछ हिस्सों में आज रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।
West Bengal
शोभायात्रा पर पथराव
पुलिस ने बताया कि रिषड़ा थाना क्षेत्र में रामनवमी के मौके पर दो शोभायात्रा निकाली गईं। दूसरी शोभायात्रा पर जीटी रोड स्थित वेलिंगटन जूट मिल मोड़ के पास रविवार शाम करीब सवा छह बजे हमला किया गया। उनके अनुसार, हिंसा में कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। दूसरी शोभायात्रा में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि लोग शांतिपूर्ण तरीके से जगन्नाथ मंदिर जा रहे थे, उसी दौरान उन पर पथराव हुआ। घोष ने बताया कि भाजपा के पुरसुराह से विधायक बीमन घोष पथराव में घायल हो गए हैं। चंदननगर पुलिस आयुक्तालय की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शोभायात्रा पारंपरिक मार्ग से गुजर रही थी, तभी एक समूह ने उस पर पथराव शुरू कर दिया। हमने स्थिति से निपटने के लिए तत्काल कदम उठाए।
हिंसा के सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है और दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत रिषड़ा वार्ड 1-5 और सेराम्पोर की वार्ड संख्या 24 में निषेधाज्ञा लागू की गई है। रिषड़ा और सेराम्पोर के कुछ हिस्सों में सोमवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
West Bengal
भीड़तंत्र लोकतंत्र को पटरी से नहीं उतार सकता : राज्यपाल
इस बीच, राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि बदमाशों, गुंडों और ठगों से सख्ती से निपटा जाएगा। भीड़तंत्र लोकतंत्र को पटरी से नहीं उतार सकता। राज्य इस आगजनी और लूटपाट को समाप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
भाजपा पर राज्य में शांति भंग करने की कोशिश का आरोप
राज्य की उद्योग मंत्री शशि पांजा ने हिंसा की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में शांति भंग करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पूरे देश में सांप्रदायिक दंगे भड़काने के लिए जानी जाती है। पांजा ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति से मजबूती से निपटेगी और जिम्मेदार लोगों को दंडित करने के लिए जरूरी कार्रवाई करेगी।
रामनवमी के दो दिन बाद शोभायात्रा निकालने पर सवाल
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जॉयप्रकाश मजूमदार ने रामनवमी के दो दिन बाद शोभायात्रा निकालने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वे लोग रमजान के पाक महीने में रामनवमी की शोभायात्रा निकालने पर क्यों अड़े हुए हैं? रामनवमी की शोभायात्रा दो दिन बाद क्यों निकाली गई? भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए बंगाल में दंगे कराना चाहती है। मजूमदार ने दावा किया कि शोभायात्रा में शामिल कुछ लोग हथियार लिए हुए थे, जिससे लोगों में डर फैल गया। पड़ोसी हावड़ा जिले में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। इसके बाद 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।