विज्ञापन
Dadri News: पत्नी से विवाद के बाद इंस्टाग्राम पर सुसाइड वीडियो पोस्ट करने वाले युवक को Meta Alert मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने महज 20 मिनट में खोजकर सुरक्षित बचा लिया। जानें पूरा मामला।

Dadri News: दादरी क्षेत्र में गौतमबुद्ध नगर पुलिस का एक संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है। पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव और अवसाद में आत्महत्या करने का मन बना चुके 38 वर्षीय व्यक्ति की जान दादरी पुलिस ने समय रहते बचा ली। युवक ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर दिया था। मेटा (Meta) से मिले अलर्ट के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की मीडिया सेल और थाना दादरी पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए महज 20 मिनट के भीतर उसे खोज निकाला।
घटना 30 जून 2026 की है। थाना दादरी क्षेत्र के रहने वाले 38 वर्षीय व्यक्ति ने पत्नी से चल रहे विवाद के कारण अवसाद में आकर आत्महत्या करने से संबंधित वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। सुबह 10:57 बजे मेटा कंपनी ने इस पोस्ट के संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से अलर्ट भेजा। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से सूचना मिलते ही कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की मीडिया सेल को तत्काल अलर्ट किया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में दादरी थाना पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस को पता चला कि संबंधित व्यक्ति ट्रक चलाते हुए लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे में पुलिस टीम ने उसकी रियल-टाइम लोकेशन ट्रेस करते हुए लगातार पीछा किया। लगभग 20 मिनट की तेज और सतर्क कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ट्रक तक पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित तरीके से ट्रक रुकवाया और चालक को नीचे उतारा। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर लगी लोहे की रॉड पर रस्सी का फंदा बंधा मिला। इससे साफ हो गया कि वह सुनसान स्थान पर पहुंचकर आत्महत्या करने की तैयारी कर चुका था।
ट्रक से नीचे उतारने के बाद पुलिसकर्मियों ने पहले उसे पानी पिलाया और शांत माहौल में उससे लगातार बातचीत की। उसकी मानसिक स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने आवश्यक काउंसलिंग कर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें: दादरी में आग का तांडव! धू-धूकर जली तीसरी मंजिल, मची अफरा-तफरी
पूछताछ में युवक ने बताया कि पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था। इसी तनाव में उसने आत्महत्या करने का फैसला लिया और इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि यदि पुलिस समय रहते उसे नहीं रोकती तो वह किसी सुनसान स्थान पर ट्रक खड़ा कर अपनी जान दे देता।
पुलिस की काउंसलिंग के बाद युवक ने भविष्य में कभी भी आत्मघाती कदम न उठाने का आश्वासन दिया। उसके परिजनों ने भी गौतमबुद्ध नगर पुलिस की तत्परता, मानवीय व्यवहार और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया। दादरी में हुई यह घटना बताती है कि आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई मिलकर किसी की जिंदगी बचा सकती है। यह केवल एक सफल पुलिस ऑपरेशन नहीं बल्कि पुलिस के मानवीय और संवेदनशील चेहरे का भी उदाहरण है। समय रहते मिली सूचना, रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग और दादरी पुलिस की सक्रियता ने एक परिवार को बिखरने से बचा लिया।
विज्ञापन