Noida News update : दादरी में भाजपा प्रत्याशी गीता पण्डित की बढ़ाई गई सुरक्षा
Noida News update
दादरी
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:01 PM
Noida News update: दादरी नगर पालिका के चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी गीता पंडित के खिलाफ चल रहे विरोध के मद्देनजर उनकी सुरक्षा व्यवस्था और भी बढ़ा दी गई है। जहां पहले गीता पंडित की सुरक्षा में 2 सिपाही तैनात रहते थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़ाकर छह कर दी गई है। बताया जाता है कि दादरी के व्यापारियों तथा वैश्य समाज के बढ़ते विरोध के कारण यह सुरक्षा बढ़ाई गई है।
बता दें कि दादरी नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जगभूषण गर्ग को टिकट न दिए जाने से समूचा वैश्य समाज तथा व्यापारी वर्ग नाराज हो गया है। वैश्य समाज ने बाकायदा एक बड़ी पंचायत करके जगभूषण गर्ग को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने का निर्णय लिया था। इसके बाद जगभूषण गर्ग ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा के खिलाफ वैश्य समाज के लामबंद होने से भाजपा के कई कद्दावर नेताओं के हाथ पैर फूल गए तथा वे पिछले दो-तीन दिनों से जगभूषण गर्ग को मनाने का प्रयास कर रहे हैं। नागरिकों का तो यहां तक कहना है कि जगभूषण गर्ग के नामांकन वापस न करने पर जीएसटी द्वारा उन पर तथा उनके परिजनों पर छापे डलवाए जा रहे हैं। जिसके विरोध में दादरी के व्यापारी लामबंद हो गए तथा उन्होंने आज फिर एक पंचायत करके इस कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जगभूषण के चुनाव लड़ने से भाजपा प्रत्याशी गीता पंडित की राह में रोड़ा अटकना तय है।
गीता पंडित के पति की हुई थी हत्या
मालूम हो कि गीता पंडित की पति विजय पंडित की 7 जून 2014 को हत्या कर दी गई थी। इस हत्या को कुख्यात सरगना सुंदर भाटी गैंग ने अंजाम दिया था। 12 सितंबर 2012 में विजय पंडित के करीबी रविंद्र शर्मा की हत्या कर दी गई थी। जिसमें विजय पंडित गवाह थे। विजय पंडित बदमाशों द्वारा हफ्ता वसूली का भी विरोध करते थे। हत्यारों ने विजय पंडित को गवाही ना देने के लिए कई बार धमकी भी दी थी, लेकिन विजय पंडित नहीं माने। अंतत: बदमाशों ने 7 जून को विजय पंडित की भी हत्या कर दी।
पति की हत्या के बाद बढ़ाई गीता की सुरक्षा
इस हत्या के बाद गीता पंडित की सुरक्षा में शासन ने 2 सिपाही तैनात किए थे। इसके बाद की गीता पंडित ने दादरी नगर पालिका का चुनाव लड़ा तथा वह चुनाव जीत गई। दूसरी बार वर्ष 2017 में भी उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था तथा दूसरी बार भी हुए विजयी रही। इस बार वैश्य समाज के नेता व वयोवृद्ध भाजपा नेता जगभूषण ने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में नामांकन भरा है। जगभूषण के चुनाव में उतरने के बाद गीता पंडित की जीत की राह इतनी आसान नहीं रही। बढ़ते विरोध के मद्देनजर प्रशासन ने गीता पंडित की सुरक्षा बढ़ा दी है तथा वह भारी सुरक्षा के बीच चुनाव का प्रचार कर रही हैं।
नोएडा ग्रेटर- नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंचसे जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।