
Shraddha murder case: दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड को लेकर रोजाना ही कुछ न कुछ खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने जहां शनिवार को पूर्व मैनेजर से पूछताछ की, वहीं दूसरी ओर उस तालाब को भी खंगाला जा रहा है, जहां पर आरोपी आफताब ने श्रद्धा का सिर फेंका था। यहां जानिए इस मामले से जुड़े अब तक के लेटेस्ट अपडेट।
पुलिस आरोपी आफताब से पूछताछ तो कर रही, लेकिन वो लगातार जांच टीम को गुमराह कर रहा। उसने श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े करने की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन ये नहीं बता पा रहा कि उसने उनको कहां पर ठिकाने लगाया था। अब दिल्ली पुलिस को पता चला है कि आफताब ने श्रद्धा के सिर को जलाकर महरौली के एक तालाब में फेंका था। जिस पर जांच टीम वहां की तलाशी ले रही।
- दिल्ली पुलिस ने श्रद्धा वॉकर की बेस्ट फ्रेंड शिवानी म्हात्रे और उस जगह के पूर्व मैनेजर करण बेहरी का बयान दर्ज किया है। श्रद्धा दिल्ली शिफ्ट होने से पहले यहां काम करती थी।
-सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस सबूत के तौर पर शिवानी म्हात्रे और करण बेहरी के व्हाट्सएप चैट का भी इस्तेमाल करेगी।
-दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल छह लोगों का बयान दर्ज किया है, जिसमें श्रद्धा के करीबी दोस्त लक्ष्मण नादर और उस फ्लैट के मालिक राहुल गॉडविन शामिल हैं, जहां श्रद्धा और आफताब दिल्ली जाने से पहले रहते थे।
-दिल्ली पुलिस की एक टीम हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड भी गई है, जहां मई 2022 के शुरुआत में आफताब और श्रद्धा गए थे।
-दिल्ली पुलिस को आफताब के नार्को टेस्ट कराने की भी अनुमति मिली है। कोर्ट ने फिलहाल आफताब को रिमांड पर रखा है।
-दिल्ली पुलिस के हाथ एक सीसीटीव फूटेज भी लगी है, जिसमें आफताब सुबह के 4 बजे एक बैग लेकर कहीं जाता दिख रहा है।
-दिल्ली पुलिस ने पिछले हफ्ते श्रद्धा के पिता की शिकायत पर छह महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया और आफताब अमीन पूनावाला को गिरफ्तार किया था।
-आफताब और श्रद्धा एक डेटिंग साइट पर मिले थे और बाद में छतरपुर में किराए के मकान में साथ रहने लगे। दिल्ली पुलिस को श्रद्धा के पिता से शिकायत मिली और 10 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
- दिल्ली पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आफताब पूनावाला ने 18 मई को श्रद्धा की हत्या की और बाद में उसके शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।