
Jewar News (चेतना मंच)। जेवर के चाचली गांव में यूकेलिप्टस (सफेदा) के पेड़ काटने के दौरान एक मजदूर की पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मजदूर को लाने वाला ठेकेदार मौके से फरार हो गया।
चाचली गांव निवासी एक ग्रामीण ने अपने खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को कटवाने के लिए बिलासपुर के एक ठेकेदार को ठेका दिया था। ठेकेदार अपने साथ मोहल्ला सिरजेखानी बिलासपुर निवासी (45 वर्षीय) मुकेश पुत्र रामदास को अपने साथ लेकर गया था। खेत में पेड़ काटने के दौरान मुकेश के ऊपर कटा हुआ पेड़ आ गिरा जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ठेकेदार व खेत स्वामी मुकेश को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुकेश की मौत की जानकारी मिलने पर ठेकेदार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना जेवर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि इस संबंध में मृतक के परिजनों द्वारा अभी कोई शिकायत नहीं की गई है। परिजन अगर शिकायत करते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।