दिल्ली के करोल बाग इलाके में पुलिस ने झपटमारी की बढ़ती घटनाओं पर काबू पाते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक, समीर उर्फ कमरान, पहले से ही 70 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। दूसरा आरोपी समीर, जो करावल नगर का निवासी है, कमरान द्वारा अपने गिरोह में शामिल किया गया था। — Delhi News
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को करोल बाग के माता सुंदरी कॉलेज के पास पुलिस को इन आरोपियों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर एक जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को एक महिला का पर्स लिए हुए पकड़ा। जैसे ही पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की, दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि कमरान एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ झपटमारी, डकैती, और आगजनी जैसे कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। एक मामले में, वह जाफराबाद थाने में वांछित था, जहां उसने एक दुकान में आग लगा कर मालिक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
दूसरे आरोपी समीर का कहना है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आता है और अपनी बहन की शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। कमरान ने उसे अपने गिरोह में शामिल कर लिया और प्रतिदिन दो हजार रुपये देने का लालच दिया।
दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर झपटमारी करते थे। पहचान से बचने के लिए वे हमेशा हेलमेट पहनते थे और बाइक की नंबर प्लेट को छिपा देते थे। पुलिस ने उनके पास से महिला का पर्स, मोबाइल फोन और अन्य चोरी की गई चीजें बरामद की हैं। फिलहाल, पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक की तलाश कर रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से झपटमारी की घटनाओं पर कड़ी नकेल कसने में मदद मिलेगी।