दिल्ली सरकार ने तैयार की बेहतरीन प्लानिंग, यमुना नदी में जल्द दौड़ेगी क्रूज
Delhi News
दिल्ली
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 AM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 AM
Delhi News : दिल्ली सरकार ने यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू करने की योजना बनाई है जो न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि जल यातायात को भी सुगम बनाएगा। इस योजना के तहत, यमुना नदी के चिन्हित खंड पर सोलर और इलेक्ट्रिक बैटरी पावर क्रूज चलाए जाएंगे। यह कदम दिल्ली के जल और पर्यावरणीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है साथ ही यमुना की सफाई और संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
पर्यटक तय कर सकेंगे 7 से 8 किमी की दूरी
दिल्ली सरकार के पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने इस परियोजना के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाल ही में, डीटीटीडीसी ने नदी के चिन्हित खंड पर दो सोलर और इलेक्ट्रिक बैटरी पावर क्रूज चलाने के लिए कोटेशन के लिए अनुरोध जारी किया है। इस योजना के तहत, यमुना नदी पर यात्रा के लिए पर्यटक 7 से 8 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेंगे।
क्या है क्रूज की खासियत?
संचालन मार्ग : क्रूज सेवा सोनिया विहार और जगतपुर के बीच चलेगी। सोनिया विहार से जगतपुर तक और फिर जगतपुर से वापसी की यात्रा होगी।
यात्रियों की क्षमता : प्रत्येक क्रूज में 20 से 30 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।
स्पीड : क्रूज की रफ्तार 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच होगी।
ऑपरेटर का जिम्मा : ऑपरेटर की जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक क्रूज़ कम से कम चार बार दिन में यात्रा पूरा करें।
विकसित क्षेत्र : वजीराबाद बैराज (सोनिया विहार) से शनि मंदिर (जगतपुर) तक यमुना के 6 किलोमीटर के हिस्से को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा।
लोगों तक पहुंचाएगा यमुना नदी का प्राकृतिक सौंदर्य
इस क्रूज़ सेवा से दिल्ली में यमुना नदी का एक नया और आकर्षक रूप देखने को मिलेगा। यह कदम न केवल दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि यमुना नदी के प्राकृतिक सौंदर्य को भी लोगों तक पहुंचाएगा। साथ ही, यमुना के घाटों पर हो रही आरती और नदी की साफ-सफाई की गतिविधियों से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
यात्रियों का अनुभव बनेगा और खास
दिल्ली सरकार यमुना नदी की सफाई पर भी विशेष ध्यान दे रही है। यमुना नदी की स्वच्छता के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है, ताकि पर्यटक क्रूज यात्रा के दौरान एक स्वच्छ और सुंदर नदी का अनुभव कर सकें। इसके अलावा, यमुना आरती जैसी सांस्कृतिक गतिविधियां भी यात्रियों के अनुभव को और खास बनाएंगी। Delhi News