
Delhi News : दिल्ली स्थित कालकाजी मंदिर से माता की अखंड ज्योति लेकर जा रहे एक किशोर को तेज गति में आ रही बस ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान किशोर की अस्पताल में मौत हो गई।
औरंगाबाद बुलंदशहर निवासी केहर सिंह का (16 वर्षीय) पुत्र लोकेश अपने गांव के कुछ साथियों के साथ दिल्ली स्थित कालकाजी मंदिर से नवरात्रों के लिए अखंड ज्योत लेकर पैदल जा रहा था। मंगलवार की सुबह सेक्टर-148 के पास तेज गति में आ रही बस का चालक नियंत्रण खो बैठा और उसने लोकेश को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोडक़र फरार हो गया। लोकेश के साथ चल रहे उसके साथियों ने पुलिस की मदद से उसे यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोकेश की मौत के बाद से उसके घर में मातम पसरा हुआ है।