Surekha Sikri Birth Anniversary- बड़ी बहन की बदौलत अभिनेत्री बनी बालिका वधू की 'दादीसा'
भारत
चेतना मंच
19 Apr 2023 06:07 PM
Surekha Sikri Birth Anniversary- अक्सर ऐसा होता है कि हमारे साथ वो हो जाता है जिसके बारे में हमने कभी सोचा नहीं होता है। ऐसा ही कुछ बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्री सुरेखा सीकरी के साथ भी हुआ था। उन्होंने कभी एक्ट्रेस बनने के बारे में नहीं सोचा था लेकिन इनकी किस्मत को तो कुछ और ही मंजूर था। असल में सुरेखा का सपना था कि वो एक पत्रकार बनें। इसी के साथ ही उनकी चाहत थी लेखक बनकर कलम उठाने की। वो अपनी कलम से दुनिया में हो रहे अत्याचार के बारे में लिखना चाहती थीं। लेकिन उनके ये सब सपने सपने ही रह गए और वो फिल्मों में एक्ट्रेस बन गईं। आखिर ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से इन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा? आइये जानते हैं।
सुरेखा (Surekha Sikri) का जन्म 19 अप्रैल को भारत की आज़ादी से पहले 1945 में नई दिल्ली में हुआ था। पढ़ाई में इनकी काफी रुचि थी और फिल्मों में आने का इनका कोई विचार ही नहीं था। असल में एक बार हुआ क्या कि इनकी बड़ी बहन नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का फॉर्म लेकर आईं। उन्होंने इस फॉर्म को भरा ही नहीं। शायद उन्हें भी फिल्मों में कोई दिलचस्पी न थी। फिर ये फॉर्म सुरेखा के पास पहुंचा, तो सुरेखा ने सोचा कि क्यों न इसे भर दिया जाए। का समय नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का क्रेज़ भी काफी ज्यादा था। उन्होंने बस यूं ही फॉर्म भरा था और फिर उनका एडमिशन भी हो गया।
Surekha Sikri Birth anniversary -
बस फिर क्या, फिर सुरेखा ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया और थियेटर से उनका लगाव बढ़ता चला गया। सुरेखा सच में एक बेहतरीन कलाकार थीं वो किसी भी रोल में खुद को ढाल लेती थीं। सुरेखा की पहली फ़िल्म 'किस्सा कुर्सी का' थी और इसी फिल्म से उन्होंने दुनिया को ये बता दिया था कि अभिनय के मामले में उनका कोई जवाब नहीं है। सुरेखा ने 'तमस, सलीम लंगड़े पर मत रो, करामाती कोट, सरदारी बेगम, सरफरोश, कॉटन मैरी, रेनकोट, तुमसा नहीं देखा, स्निफ, बधाई हो, हमको दीवाना कर गए' जैसी फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया है और इसी के साथ ही इन्होंने कलर्स टीवी के फेमस शो 'बालिका वधू' में दादीसा का किरदार भी निभाया है। बस तभी से इन्हें घर- घर में दादीसा के रूप में पहचान मिली है। इन्हें तमस, बधाई हो जैसी फिल्मों के लिए नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।