
Mumbai Airport : देश को सबसे व्यस्त एयरपोर्ट आज शाम तक के लिए बंद रहेगा। यहां न तो कोई विमान उड़ान भरेगा और न ही किसी विमान का आगमन होगा। दरअसल, मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (CSMIA) आज सुबह 11 बजे बंद कर दिया गया है। और यह शाम 5 बजे के तक बंद रहेगा।
हवाई अड्डा प्रशासन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अपने दोनों रनवे पर वार्षिक मरम्मत और रखरखाव के काम के कारण हवाई अड्डा बंद रहेगा। इस दौरान की उड़ानों को पुनर्निर्धारित यानी रीशेड्यूल किया गया है। इन 6 घंटों में किसी भी फ्लाइट का मूवमेंट एयरपोर्ट पर नहीं होगा।
हवाई अड्डा प्रशासन ने सोमवार को ही अपने पैसेंजर सूचना जारी कर दी थी। एडवाइजरी में कहा था कि सीएसएमआईए ने अपने दोनों रनवे पर मरम्मत और रखरखाव के काम के लिए 18 अक्टूबर को 11.00 बजे से 17.00 बजे तक रनवे को बंद करने की योजना बनाई है। RWY 14/32 और 9/27. एडवाइजरी में कहा गया है कि मेंटेनेंस का काम दोनों रनवे 14/32 नंबर और 09/27 पर चलेगा। यह रिपेयरिंग वर्क मानसून के बाद किए जाने वाले मेंटेनेंस का हिस्सा है। सभी एयरलाइंस और ऑपरेशंस से जुड़े संस्थानों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
आपको बता दें कि मुंबई एयरपोर्ट पर रोजाना 800 से अधिक उड़ानें आती और जाती हैं। इसलिए मानसून के बाद रनवे रखरखाव का यह वार्षिक अभ्यास परिचालन निरंतरता और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।