
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इकोविलेज वन हाउसिंग सोसायटी के लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। हालांकि सोसायटी वासी पिछले काफी दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन न तो बिल्डर उनकी समस्याओं का समाधान कर पा रहा है और न ही प्राधिकरण। रविवार की रात सोसायटी के लोगों ने कैंडल मार्च निकाल कर अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने 'भगवान बिल्डर को सदबुद्धि दो' जैसे नारे भी लगाए।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में काफी समय से इको विलेज-वन हाउसिंग सोसायटी के निवासी सुपरटेक बिल्डर के खिलाफ धरने पर बैठे हुए हैं। इन लोगों की मूलभूत मांगे हैं, लेकिन कोई ध्यान देने वाला नहीं है। आरोप है कि इस दौरान बिल्डर के लोगों ने निवासियों के साथ मारपीट करने का भी प्रयास किया था। उसके बावजूद निवासी अपनी मांगों पर अडिग है।
सोसायटी निवासी समीर भारद्वाज के अनुसार, करीब 3 सप्ताह से सुपरटेक इकोविलेज-वन के निवासी अपनी मांगों को लेकर गेट नंबर-1 पर बैठे हुए हैं। सोसायटी के भीतर समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन कोई ध्यान देने वाला नहीं है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी अब मदद की आस नहीं बची है। ऐसे में अब केवल अपनी मांगों को लेकर लड़ना निवासियों की अंतिम मजबूरी बन गया है। उन्होंने बताया कि बीती रात को सोसायटी के सैकड़ों लोगों ने बिल्डर की नीतियों के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान निवासियों ने भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा, "हे भगवान! सुपरटेक जैसे बिल्डर को सद्बुद्धि दो।"
सोसायटी में रहने वाले लोगों की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। बिल्डर ने फ्लैट तो दे दिए हैं, लेकिन पार्किंग नहीं दी है। अब पार्किंग के लिए करीब 7 लाख रुपए मांग रहा है। इसके अलावा सोसायटी के भीतर एसटीपी की समस्या बनी हुई है। गंदा पानी सीधे नाले में जाता है, जिसकी वजह से बीमारियां पैदा होती हैं। बेसमेंट और अन्य स्थानों पर जलभराव की समस्या है। सोसायटी में लगातार आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पावर बैकअप के लिए बिल्डर 25,000 रुपये और जीएसटी मांग रहा है, जो सरासर गलत है। सोसाइटी में मल्टीपाइंट कनेक्शन नहीं है। काफी टावर अधूरे पड़े हुए और लिफ्ट खराब होती हैं।