
Greater Noida (चेतना मंच)। नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे में एक विधवा महिला ने अपने देवर व भतीजी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। विधवा महिला का आरोप है कि देवर ने अपनी बेटी के साथ मिलकर धोखाधड़ी से उसके बैंक खाते से 55 लाख रुपये निकाल लिए।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम नांगली वाजिदपुर निवासी पूनम देवी ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसके पति रणवीर सिंह का 5 फरवरी 2017 को निधन हो गया था। पति के निधन के कुछ समय बाद उसके देवर तेजवीर ने बताया कि उसके पति के नाम काफी जमीन थी जिसका मुआवजा मिलना है। मुआवजे की रकम लेने के लिए उसे बैंक में खाता खुलवाना होगा। पूनम के मुताबिक तेजवीर उसे नंगली वाजिदपुर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में लेकर गया। जहां पर उसने उसके तथा अपनी बेटी आकांक्षा का संयुक्त खाता खुलवा दिया।
तेजवीर ने आश्वासन दिया कि खाते में जैसे ही मुआवजे की रकम आएगी तो वह उसके नाम बैंक में एफडी कर देगा। पूनम के मुताबिक कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके बैंक खाते में मुआवजे के पैसे आ चुके हैं। वह जब बैंक में पैसों के बारे में पता करने गई तो पता चला कि उसे 65 लाख 50 हजार रुपये का मुआवजा मिला था।
बैंक खाते को संचालित करने का अधिकार तेजवीर ने धोखाधड़ी से अपने नाम कर लिया था। इस कारण उसने उसके खाते से 55 लाख रुपये निकाल लिए। खाते से पैसे निकालने की जानकारी मिलने पर उसने जब तेजवीर से इस संबंध में बात की तो उसने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे धमकाकर भगा दिया। विगत 16 अक्टूबर को उसने जब तेजवीर व उसकी बेटी आकांक्षा से बात की तो दोनों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की और उसकी बेटी तथा पुत्र को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने तेजवीर व उसकी बेटी आकांक्षा पर धोखाधड़ी से 55 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।