
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना रबूपुरा क्षेत्र के कस्बे में एक महिला के साथ पड़ोस के दबंग युवकों ने घर में घुसकर छेड़छाड़ की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौज, मारपीट कर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। हैरानी की बात यह है कि करीब एक माह बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है।
कस्बा रबूपुरा निवासी रंजना (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 20 फरवरी को घर में अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में ही रहने वाले स्वतंत्र पाल, दीपक आदि जबरन उसके घर में घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। उसके शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। हंगामे की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पीड़िता की रिपोर्ट एक माह बाद दर्ज होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आरोपी दबंग व्यक्ति हैं, जिनके डर की वजह से घटना के तुरंत बाद महिला व उसके परिजनों ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।