Greater Noida (चेतना मंच)। यूपी के ग्रेटर नोएडा में कलियुग में रिश्तों पर दौलत की भूख भारी पड़ रही है। रिश्तों को दरकिनार कर लोग अपनों के साथ ही धोखाधड़ी करने से पीछे नहीं है। ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र में प्रकाश में आया है। चुहडपुर गांव में ममेरे भाइयों ने अपनी बुआ के लड़के की जमीन को फर्जी बैनामे के आधार पर बेच दिया। पीड़ित ने कोर्ट के निर्देश पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम चुहडपुर निवासी फरियाद ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके ममेरे भाई शगीर व कदीर ने 22 अगस्त वर्ष 2007 में उसकी अनुपस्थिति में सब रजिस्टार जेवर में उसकी कृषि योग्य भूमि को अपनी मां बानो के नाम रजिस्टर कर लिया था। इस बात की जानकारी मिलने पर उसने 10 अप्रैल 2008 को सिविल जज जूनियर डिवीजन में इस बैनामे को चैलेंज किया। पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर न्यायालय ने 14 सितंबर 2015 को इसे मनसूख घोषित कर दिया।
उक्त मामले में न्यायालय में अभी भी मामला विचाराधीन है। पीड़ित के मुताबिक सगीर व कबीर ने 2576 मीटर भूमि सावित्री, कोमल व पूजा से मिलकर बेच दी। भूमि के मूल कागजात खतौनी में भी आरोपियों का नाम नहीं है और ना ही उनका कोई हक है। इसके बावजूद आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए उसकी जमीन का बैनामा कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सगीर, कबीर, सावित्री, कोमल सिंह व पूजा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर 76 की स्थित अजनारा शॉपिंग कांप्लेक्स के बाहर खड़ी कार का शीशा तोडक़र चोरों ने लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नोएडा के सेक्टर-77 गृह प्रवेश अपार्टमेंट निवासी विनायक कश्यप ने बताया कि वह कुछ सामान खरीदने के लिए सेक्टर 76 के अजनारा शॉपिंग कांप्लेक्स में गए थे। उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और खरीदारी करने के लिए चले गए कुछ समय बाद जब वापस लौटे तो उन्हें कार का शीशा टूटा हुआ और कार में रखा लैपटॉप गायब मिला। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।