
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा में बेहतर नौकरी पाने के लालच में एक युवक साइबर ठगी का शिकार बन गया। साइबर ठग द्वारा मोबाइल फोन पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही युवक के खाते से 98,999 निकल गए। पीड़ित युवक ने ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर में अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव में किराये पर रहने वाले मोहन सिंह ने पुलिस में की शिकायत में बताया कि वह हाल में डेंसो कंपनी में कार्यरत है। विगत 30 अगस्त को उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उक्त व्यक्ति ने उसे बेहतर नौकरी लगवाने का ऑफर दिया। उसने मोबाइल फोन पर एक लिंक भेजकर तमाम जरूरी जानकारियां भरने को कहा। मोहन सिंह के मुताबिक उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से तीन बार में 98,999 रुपये निकल गए। बैंक से मैसेज आने पर उसे पैसे निकालने का पता चला।
पीड़ित के मुताबिक उसके सभी एटीएम कार्ड उसके पास थे और ना ही उसने कोई ओटीपी किसी के साथ शेयर किया। ठगी का एहसास होने पर उसने उक्त नंबर पर बात करने का प्रयास किया तो वह स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उसने साइबर सेल में अपनी शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने बताया कि उसके खाते से कोटक महिंद्रा बैंक तथा केनरा बैंक के एक खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात साइबर तक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए खाता नंबरों के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है। इस मामले में सर्विलांस सेल का भी सहारा लिया जा रहा है।