
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत महिला की घर पर हुई मौत के बाद साथी कर्मचारियों ने बुधवार को मुआवजे की मांग को लेकर कंपनी में जमकर हंगामा किया। कंपनी कर्मचारियों को आरोप था कि सुपरवाइजर के प्रताडऩा से महिला की मौत हुई है। हंगामा के दौरान कंपनी में काम करने वाली कई महिलाएं बेहोश हो गई जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि मूल रूप से ग्राम इकबालपुर जनपद मऊ निवासी 42 वर्षीय राजमती पत्नी सुभाष साइट फाइव स्थित राजलक्ष्मी कंपनी में काम करते थी। मंगलवार की रात उसकी घर पर मौत हो गई। बुधवार की सुबह महिला के परिजन उसके शव को लेकर अपने गृह जनपद के लिए चले गए। जिसके बाद जब साथी कर्मचारियों को राजमती की मौत की सूचना मिली तो उनमें आक्रोश प्राप्त हो गया। कर्मचारी कंपनी में इकट्ठा हो गए और राजमती के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे।
इस दौरान कर्मचारियों की सुपरवाइजर से कहासुनी हो गई जिसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोश प्राप्त हो गया। इस दौरान कर्मचारियों ने कंपनी में जमकर हंगामा किया। हंगामा के दौरान कुछ महिलाएं ज्यादा भीड़ होने के कारण दम घुटने की वजह से बेहोश हो गई। इस कारण कंपनी में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
हंगामे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना कासना प्रभारी देवेंद्र शंकर पांडेय ने एंबुलेंस मंगवाकर बेहोश महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराकर मामले को शांत कराया।