
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में दादरी के कैमराला गांव में खेत की जुताई के दौरान दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के बाद गांव में अभी भी तनाव बना हुआ है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है।
दादरी थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि गुरुवार को अशोक, स्वतंत्र व विजेंद्र निवासी ग्राम कैमराला द्वारा खेतों की जुताई की जा रही थी। इस दौरान संजय, वीर सिंह, राजू तथा करीब 15 अज्ञात व्यक्ति खेतों में पहुंचे और खेत जुताई का काम रुकवा दिया।
अशोक आदि ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए लाठी डंडे व सरिया आदि से मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों की तरफ से जमकर लाठी डंडे चले और फायरिंग की गई। किसानों के दो गुटों में हुई मारपीट व फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई थी। इस मामले में उप निरीक्षक यशपाल शर्मा की शिकायत पर दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अशोक, बिजेंद्र को कैमराला मार्ग से गिरफ्तार किया गया है। अशोक के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने राजू व वीर सिंह को गांव रामगढ़ के शिव मंदिर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में वांछित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।