
Greater Noida (चेतना मंच)। अनुशासनहीनता के आरोप में नाम काटने से गुस्साए एक छात्र ने गुरु शिष्य की पवित्र परंपरा को कलंकित करते हुए स्कूल टीचर के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान छात्र ने टीचर के अंगूठे को दांतों से काटकर लहूलुहान कर दिया। आरोपी छात्र के खिलाफ टीचर ने थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कराया है।
दादरी स्थित शोभाराम इंटर कॉलेज में पढऩे वाले छात्र रमेश (काल्पनिक नाम) का अनुशासनहीनता करने पर गत दिनों कॉलेज से नाम काट दिया गया था। बुधवार को छात्र अपनी मां के साथ कॉलेज पहुंचा। इस दौरान वह लोअर, टीशर्ट व चप्पल पहने हुए था।
कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने उससे कॉलेज की ड्रेस में आने को कहा जिस पर वह भड़क उठा। छात्र ने कहा कि उसका नाम गलत तरीके से स्कूल से काटा गया है। इस बात को लेकर वह प्रधानाचार्य व अन्य लोगों से बहस करने लगा। बहस के दौरान कॉलेज के प्रवक्ता (टीचर) बृजेंद्र सिंह ने छात्र को बाहर जाने को कहा जिस पर वह उनसे भिड़ गया।
आरोपी छात्र ने विजेंद्र सिंह पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान उसने टीचर का हाथ पकड़कर उसका अंगूठा चबा डाला। किसी तरह मौजूद शिक्षकों ने आरोपी छात्र के चंगुल से विजेंद्र सिंह को बचाया। इस घटना के बाद बाद छात्र मौके से फरार हो गया। प्राथमिक चिकित्सा कराने के पश्चात प्रवक्ता विजेंद्र सिंह ने आरोपी छात्रों के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कराया है। Greater Noida News