
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के सुपरटेक इकोविलेज के आसपास साप्ताहिक बाजार में दुकानें लगाने वाले वेंडरों ने एक दबंग माफिया से परेशान होकर मोर्चा खोल दिया है। इस दबंग माफिया पर थाना बिसरख पुलिस की 'खास कृपा' बताई जाती है। दबंग पुलिस की इस खास कृपा के बलबुते दुकानदारों से मोटी अवैध उगाही करता है और विरोध करने वालों का हश्र भी बुरा होता है।
साप्ताहिक बाजार के दुकानदारों का प्रदर्शन
दरअसल, ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित सुपरटेक इकोविलेज सोसायटी के गेट नंबर तीन पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार में स्थानीय बिसरख पुलिस से संरक्षण प्राप्त रेहड़ी पटरी माफिया अवधेश भाटी पुलिस के नाम पर दुकानदारों से जबरन खुलेआम अवैध उगाई कर रहा है।
सीटू जिला कमेटी के महासचिव राम सागर ने बताया कि उक्त माफिया के खिलाफ दर्जनों लिखित शिकायत देने के बाद भी स्थानीय पुलिस कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है, उल्टे जिन दुकानदारों ने अवैध उगाही का विरोध किया और पुलिस से शिकायत की, उनकी बाजार में पिछले 1 माह से दबंग माफिया अवधेश भाटी पुलिस के सहयोग से दुकान नहीं लगने दे रहा है। जब भी वेंडर बाजार में दुकान लगाने जाते हैं तो उक्त दबंग माफिया अपने गुंडों को लेकर उन्हें मारपीट कर भगा देता है। मौके पर पुलिस को 112 नंबर पर और बिसरख कोतवाली में शिकायत की गई उक्त पर कारवाई करने के बजाय पुलिस उल्टे पीड़ितों को ही धमका रही है।
राम सागर ने बताया कि उक्त मसले को लेकर सीटू जिला कमेटी का प्रतिनिधि मंडल सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, सचिव रामस्वारथ, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, जिला कमेटी सदस्य ओम प्रकाश, जोगिंदर सैनी, मोहम्मद फिरोज, किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉक्टर रुपेश वर्मा के साथ डीएम मनीष कुमार वर्मा से उनके कार्यालय में मिला और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपी दबंग के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है।
सीटू जिला महासचिव रामसागर ने बताया कि हमारी डीएम से सकारात्मक बातचीत हुई है। डीएम ने दुकान जहां लग रही थी वहीं लगने देने के निर्देश बिसरख कोतवाली प्रभारी को दिए हैं। वेंडर्स के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे किसान सभा जिलाध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि यदि आज सार्थक कार्रवाई नहीं होगी तो दबंग माफिया और पुलिस के कुछ लोगों के इस गठजोड़ के खिलाफ पूरे जिले में सीटू और किसान सभा के कार्यकर्ता बड़ा अभियान चलाकर आंदोलन करेंगे। जिसके तहत बिसरख कोतवाली, डीसीपी कार्यालय सूरजपुर व पुलिस कमिश्नर कार्यालय सेक्टर- 108 नोएडा पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।