
Greater Noida: तुगलपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग कर अपना रौब दिखाना एक युवक को खासा महंगा पड़ा है। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया है। पुलिस पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गत 28 जनवरी को ग्राम तुगलपुर में एक शादी समारोह चल रहा था। इस दौरान वहां एक व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग किए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने समारोह में बन रही वीडियो की जांच पड़ताल की तो हर्ष फायरिंग करने वाले की पहचान धर्मेंद्र शर्मा पुत्र बाबूराम शर्मा निवासी ग्राम हसनपुर जागीर थाना सिकंदराबाद बुलंदशहर के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर धर्मेंद्र शर्मा को जगत फार्म के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रक्रिया को अमल में लाया जा रहा है। बता दें कि शादी समारोह में हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है। पूर्व में भी कई लाइसेंसी असला धारकों के खिलाफ हर्ष फायरिंग करने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद भी शादी समारोह में आए दिन लोगों द्वारा हर्ष फायरिंग किए जाने की घटनाएं हो रही हैं।